नई दिल्ली: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे भारत बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने वो कर दिखाया, जिसकी उम्मीद हर भारतीय फैन को थी। गिल ने अपने करियर का 10वां टेस्ट शतक पूरा किया और इसके साथ ही कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। उनकी शानदार बल्लेबाजी ने न सिर्फ दिल्ली के मैदान को झूमने पर मजबूर कर दिया, बल्कि विश्व क्रिकेट को भी हैरत में डाल दिया।
गिल ने 177 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और कप्तान के रूप में एक खास उपलब्धि हासिल की। वो भारत के ऐसे तीसरे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने 12 पारियों में 6 बार 50 से अधिक रन बनाए हों। इस लिस्ट में एमएस धोनी 8 बार और सुनील गावस्कर 7 बार ऐसा कारनामा कर चुके हैं। लेकिन सबसे बड़ी बात ये रही कि गिल ने इस दौरान विराट कोहली का महारिकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली ने बतौर कप्तान 12 पारियों में कुल 5 बार 50+ स्कोर किया था, जबकि गिल अब 6 बार ये कमाल कर चुके हैं।
अगर बात वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की करें, तो गिल का दबदबा सबसे ज्यादा दिखता है। उन्होंने भारत की ओर से WTC इतिहास में सबसे ज्यादा 10 शतक जड़े हैं, जबकि रोहित शर्मा 9 और यशस्वी जायसवाल 7 शतकों के साथ उनके पीछे हैं। गिल अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज बन चुके हैं, जो आने वाले समय में विराट और रोहित के कई रिकॉर्ड्स को चुनौती दे सकते हैं।
शुभमन गिल ने इस साल बतौर कप्तान 5 टेस्ट शतक लगाए हैं, जिससे उन्होंने विराट कोहली के 2018 और 2017 के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इतना ही नहीं, गिल अब टेस्ट में बतौर कप्तान सबसे तेज़ 5 शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय भी बन गए हैं। इस मामले में पहले नंबर पर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने सिर्फ 10 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी, जबकि गिल ने 12 पारियों में यह कारनामा किया है।
शुभमन गिल का ये प्रदर्शन साफ दिखाता है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य उनके कंधों पर सुरक्षित है। जिस आत्मविश्वास और क्लास से वो रन बना रहे हैं, उससे ये कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले समय में “गिल एरा” क्रिकेट की नई परिभाषा लिखेगा।