IND vs SL: सुपर-4 में कौन होगा X फैक्टर खिलाड़ी, छक्कों की बरसात या विकेटों की बौछार? जानिए भारत बनाम श्रीलंका पिच रिपोर्ट

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड का आखिरी मैच आज भारत और श्रीलंका के बीच दुबई में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच अब सिर्फ औपचारिकता रह गया है। भारतीय टीम फाइनल में पहुँच चुकी है, जबकि श्रीलंका ने अपने दोनों शुरुआती मैच हारकर फाइनल की रेस से बाहर हो गई है। हालांकि, श्रीलंकाई टीम सम्मानजनक प्रदर्शन के लिए जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी, जबकि भारत फाइनल में बढ़ते हुए आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगा।

आज का मुकाबला रात 8 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए 7:30 बजे मैदान में उतरेंगे। क्रिकेट फैंस इस रोमांचक मुकाबले का लाइव आनंद सोनी स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों और डीडी स्पोर्ट्स पर ले सकते हैं। इसके अलावा, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV पर भी उपलब्ध रहेगी, जिसमें सब्सक्रिप्शन की आवश्यकता होगी।

दुबई में मौसम क्रिकेट के लिहाज से अनुकूल रहने की संभावना है। मैच के दौरान तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और ह्यूमिडिटी 50% के आसपास रहने का अनुमान है। पिच के हालात भी बल्लेबाजों के लिए मददगार दिख रहे हैं। पिछले मैचों में यहां औसत स्कोर पहली पारी में 170 और दूसरी पारी में 150 रन के आसपास रहा है, जिससे यह एक संतुलित पिच मानी जा सकती है।

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 31 टी20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस हेड टू हेड में भारत ने 21 और श्रीलंका ने 9 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बिना परिणाम के समाप्त हुआ। यह रिकॉर्ड दर्शाता है कि भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला अनुभव और भरोसे का मौका है।

आज के मैच में X फैक्टर खिलाड़ी के तौर पर भारतीय टीम से अभिषेक शर्मा को देखा जा सकता है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है। वहीं, श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में टीम के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। उनका प्रदर्शन मैच का रूख बदल सकता है।

टीमे

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह। रिजर्व: प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल।

श्रीलंका: चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंदु मेंडिस, कामिल मिशारा, दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेललागे, चमिका करुणारत्ने, महीश थीक्षणा, दुशमंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना।

Leave a Comment