eShram Card 2025: भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय ने साल 2021 में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की मदद के लिए ई-श्रम पोर्टल लॉन्च किया था। इसका उद्देश्य देशभर के असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों का एक राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार करना है। इस पोर्टल पर घरेलू कामगारों से लेकर प्रवासी श्रमिकों तक सभी को जोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सके।
इसे भी पढ़ें- Gold Silver Price Today: नवरात्रि के बाद सोने-चांदी में बड़ी गिरावट, जानें अभी क्या है भाव
कौन कर सकता है रजिस्ट्रेशन
असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कोई भी मजदूर, जैसे रिक्शा चालक, घरेलू कामगार, स्ट्रीट वेंडर, निर्माण श्रमिक या प्रवासी कामगार, ई-श्रम कार्ड के लिए आवेदन कर सकता है। रजिस्ट्रेशन पूरी तरह फ्री है और इसे ई-श्रम पोर्टल, उमंग ऐप या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से किया जा सकता है।
ई-श्रम कार्ड से मिलने वाले लाभ
ई-श्रम कार्ड धारकों को कई तरह की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। इसमें 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर तीन हजार रुपये मासिक पेंशन का प्रावधान है। इसके अलावा किसी दुर्घटना के कारण मृत्यु या आंशिक विकलांगता की स्थिति में दो लाख रुपये तक का बीमा लाभ मिलता है। यदि किसी श्रमिक की मृत्यु हो जाती है तो उसके जीवनसाथी को भी यह लाभ प्रदान किया जाता है।
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेज
ई-श्रम कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और बैंक खाता अनिवार्य है। यह प्रक्रिया बेहद सरल है और श्रमिक इसे स्वयं पोर्टल पर जाकर या फिर CSC/SSK केंद्रों पर जाकर पूरी कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- APY: सरकार ऐसे बैठे बिठाए दे रही हर महीने ₹5,000 पेंशन, जानिए कैसे
ई-श्रम कार्ड रजिस्ट्रेशन प्रोसेस
आवेदक को ई-श्रम पोर्टल के सेल्फ-रजिस्ट्रेशन पेज पर जाकर आधार लिंक मोबाइल नंबर डालना होता है। ओटीपी वेरीफिकेशन के बाद व्यक्तिगत जानकारी जैसे पता, शिक्षा, कौशल और पेशे की जानकारी दर्ज करनी होती है। अंत में बैंक अकाउंट की डिटेल सबमिट करने पर ई-श्रम कार्ड तुरंत जनरेट हो जाता है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।