देशभर में अब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 10 अक्टूबर 2025 तक मॉनसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों और बिहार के कुछ भागों से लौट चुका है। अगले तीन से चार दिनों में झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तेलंगाना से भी मॉनसून की वापसी हो जाएगी। मॉनसून की वापसी की रेखा फिलहाल अलीबाग, अहमदनगर, अकोला, जबलपुर, वाराणसी और रक्सौल होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंच गई है।
इसे भी पढ़ें- Weather Update: देश में लौट आई गुलाबी ठंड, दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक गिरा तापमान, जानें अपडेट
तापमान में गिरावट
मॉनसून के पीछे हटते ही देश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय ठंडक का एहसास बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के अचानक बदलाव से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को इस दौरान सर्दी-जुकाम या वायरल संक्रमण का खतरा हो सकता है। इसलिए डॉक्टरों ने सलाह दी है कि मौसम के हिसाब से कपड़े पहनें और अपने खानपान का विशेष ध्यान रखें।
दिल्ली-एनसीआर में साफ मौसम और ठंडक बढ़ी
दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया कि 13 अक्टूबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में हल्की गर्मी और रात में हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। यह बदलाव गुलाबी ठंड के आगमन का संकेत है।
उत्तर प्रदेश में तेज धूप और शुष्क मौसम
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की विदाई लगभग पूरी हो चुकी है। राज्य में 11 और 12 अक्टूबर को भी मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी का एहसास हो सकता है, हालांकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहेंगी। 13 से 15 अक्टूबर के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा और अगले पांच दिनों तक बारिश या तेज हवाओं की कोई संभावना नहीं है।
बिहार में धूप और हल्की ठंडक का दौर
बिहार से भी मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया तेज हो गई है। अगले दो से तीन दिनों में राज्य से मॉनसून पूरी तरह लौट जाएगा। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलेगी जबकि रात में हल्की ठंडक बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में साफ आसमान
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों तक लगातार बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर तक राज्य में मौसम सामान्य रहेगा। केदारनाथ धाम में बीते तीन दिनों से लगातार बर्फबारी और बारिश के कारण पांच से छह इंच बर्फ जम गई है। इससे पूरी केदार घाटी में ठंडक बढ़ गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह और शाम तापमान 10 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठिठुरन महसूस होगी।
इसे भी पढ़ें- दिल्ली में चमके यशस्वी जायसवाल, पहले दिन जड़े 150 रन, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़कर रच दिया इतिहास
हिमाचल प्रदेश में ठंड का असर
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान तेजी से गिर रहा है। कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह और रात के समय कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है। इसलिए पर्यटकों को पहाड़ी रास्तों पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।